
प्रयागराज से हेमराज सिंह की रिपोर्ट | India TV News
प्रयागराज के पावन संगम तट पर आस्था, श्रद्धा और परंपरा का महापर्व माघ मेला भव्य रूप से शुरू हो गया है। पौष पूर्णिमा के पवित्र अवसर पर तड़के सुबह से ही गंगा, यमुना और अदृश्य सरस्वती के त्रिवेणी संगम में लाखों श्रद्धालुओं ने आस्था की डुबकी लगाई।
संगम क्षेत्र में हर ओर “हर-हर गंगे” और “जय संगम” के जयघोष गूंजते नजर आए। देश के कोने-कोने से पहुंचे साधु-संत, कल्पवासी और श्रद्धालु पूरे विधि-विधान से स्नान, पूजा-पाठ और दान-पुण्य में लीन दिखाई दिए। ठंड के बावजूद श्रद्धालुओं के उत्साह में कोई कमी नहीं दिखी।
माघ मेले को लेकर प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद है। पूरे मेला क्षेत्र को कई सेक्टरों में विभाजित किया गया है। साफ-सफाई, पेयजल, शौचालय, स्वास्थ्य सेवाओं और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया गया है। संगम और मेला क्षेत्र में पुलिस, पीएसी और जल पुलिस के जवान लगातार निगरानी कर रहे हैं, ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार माघ मास में संगम में स्नान करने से पापों का नाश और मोक्ष की प्राप्ति होती है। यही कारण है कि हर वर्ष करोड़ों श्रद्धालु माघ मेले में शामिल होने प्रयागराज पहुंचते हैं।
प्रशासन का दावा है कि माघ मेला शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

प्रयागराज से हेमराज सिंह के साथ, India TV News







Views Today : 84
Total views : 12441