तेज इंडिया TV News 24

Reporter: Krishna Pratap Tripathi
स्थान: देवबंद (सहारनपुर)
निर्धन छात्रों को जमीअत देगी करोड़ों की छात्रवृत्ति
देवबंद। जमीअत उलमा-ए-हिंद ने शैक्षणिक सत्र 2025–26 के लिए आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति योजना की घोषणा की है। इस वर्ष जमीअत द्वारा लगभग दो करोड़ रुपये की छात्रवृत्ति मेधावी और जरूरतमंद छात्रों को प्रदान की जाएगी। यह छात्रवृत्ति उन विद्यार्थियों को दी जाएगी, जिन्होंने पिछले शैक्षणिक वर्ष में कम से कम 75 प्रतिशत अंक प्राप्त किए हैं।
जमीअत उलमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी ने जानकारी देते हुए बताया कि जमीअत और एमएच मदनी चैरिटेबल ट्रस्ट वर्ष 2012 से लगातार इस छात्रवृत्ति योजना का संचालन कर रहे हैं। इसका उद्देश्य आर्थिक तंगी के कारण शिक्षा से वंचित हो रहे प्रतिभाशाली छात्रों को आगे बढ़ने का अवसर देना है।
मौलाना मदनी ने बताया कि पिछले वर्ष मेरिट के आधार पर विभिन्न पाठ्यक्रमों में चयनित 915 छात्रों को छात्रवृत्ति प्रदान की गई थी, जिनमें 46 हिंदू छात्र भी शामिल थे। उन्होंने स्पष्ट किया कि जमीअत ने कभी भी धर्म के आधार पर भेदभाव नहीं किया, बल्कि हमेशा योग्यता और आवश्यकता को प्राथमिकता दी है।
छात्रवृत्ति के लिए आवेदन फॉर्म जमा करने की अंतिम तिथि 15 जनवरी 2026 निर्धारित की गई है। मौलाना मदनी ने कहा कि जमीअत का यह छोटा सा प्रयास उन अनेक प्रतिभाशाली और मेहनती बच्चों का भविष्य संवार सकता है, जो आर्थिक कठिनाइयों के कारण अपनी शिक्षा जारी रखने में समस्याओं का सामना कर रहे हैं।
संवाद: तेज इंडिया TV News 24







Views Today : 93
Total views : 12450