
तेज इंडिया TV News 24
Reporter: Krishna Pratap Tripathi
फरवरी से राशन वितरण में बड़ा बदलाव लाभार्थियों को मिलेगा ज्यादा चावल, कम गेहूं

गाजीपुर। राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत राशन वितरण व्यवस्था में फरवरी माह से बड़ा बदलाव लागू किया जा रहा है। नए प्रावधानों के अनुसार अब पात्र गृहस्थी योजना के लाभार्थियों को प्रति यूनिट 4 किलो फोर्टिफाइड चावल और 1 किलो गेहूं दिया जाएगा। इससे पहले प्रति यूनिट 3 किलो चावल और 2 किलो गेहूं मिलता था। यानी अब चावल की मात्रा बढ़ेगी और गेहूं में कटौती होगी।
वहीं अंत्योदय कार्डधारकों को अब 25 किलो फोर्टिफाइड चावल और 10 किलो गेहूं दिया जाएगा। पहले उन्हें 21 किलो चावल और 14 किलो गेहूं मिलता था। इस बदलाव से साफ है कि सरकार का फोकस फोर्टिफाइड चावल के माध्यम से पोषण बढ़ाने पर है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने बताया कि यह बदलाव केंद्र सरकार के निर्देशों के अनुरूप किया गया है और फरवरी माह के वितरण से इसे पूरी तरह लागू किया जाएगा। जिले की सभी 1604 उचित दर दुकानों को नए अनुपात में राशन वितरण के निर्देश दे दिए गए हैं।

जनपद गाजीपुर में पात्र गृहस्थी योजना के अंतर्गत 5,84,677 राशन कार्डधारक हैं, जिनमें 25,88,471 यूनिट शामिल हैं। वहीं अंत्योदय योजना के तहत 59,537 कार्डधारक हैं, जिनसे जुड़े 2,01,917 यूनिट लाभार्थी हैं। सभी लाभार्थियों को 1 जनवरी 2024 से आगामी पांच वर्षों तक निःशुल्क राशन उपलब्ध कराया जाना है, जिसका पूरा खर्च केंद्र सरकार वहन करेगी।
इसके साथ ही पोर्टेबिलिटी योजना के तहत लाभार्थी जिले या प्रदेश की किसी भी उचित दर दुकान से राशन ले सकते हैं, जिससे प्रवासी और अस्थायी रूप से बाहर रहने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि राशन वितरण सुबह 8 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दोपहर 2 बजे से शाम 6 बजे तक अनिवार्य रूप से किया जाएगा। किसी भी स्तर पर लापरवाही, अनियमितता या अवैध वसूली पाए जाने पर संबंधित विक्रेता के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
तेज इंडिया TV News 24 के लिए
Krishna Pratap Tripathi







Views Today : 15
Total views : 12588