Homeबड़ी ख़बरेंदेश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त की सबसे बड़ी और बेहद...

देश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त की सबसे बड़ी और बेहद दर्दनाक खबर

तेज इण्डिया TV News 24
EXCLUSIVE BREAKING NEWS
रिपोर्टर – कृष्णा प्रताप त्रिपाठी (CMD DESK)
स्थान – दिल्ली


दिल्ली में बड़ा हादसा: बारिश के बीच भरभराकर गिरी पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत, बाइक सवार की मौत, कई मजदूरों के मलबे में दबे होने की आशंका


देश की राजधानी दिल्ली से इस वक्त की सबसे बड़ी और बेहद दर्दनाक खबर सामने आ रही है।


लगातार हो रही बारिश के बीच दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में एक निर्माणाधीन पांच मंजिला इमारत अचानक भरभराकर ढह गई। हादसा इतना भीषण था कि कुछ ही सेकंड में पूरी इमारत मलबे में तब्दील हो गई। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग दहशत में बाहर निकल आए। सड़क पर गुजर रहे लोग और वहां काम कर रहे मजदूर इसकी चपेट में आ गए।


अब तक एक बाइक सवार की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि दो मजदूर घायल हैं। आशंका है कि चार से पांच लोग अभी भी मलबे के नीचे दबे हो सकते हैं। पुलिस, दमकल, एनडीआरएफ, डीडीएमए और एमसीडी की टीमें युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हुई हैं।


विस्तृत रिपोर्ट ,


दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 स्थित जी-4 ब्लॉक में बुधवार शाम करीब 4 बजकर 20 मिनट पर एक बड़ा हादसा हो गया। प्लॉट संख्या-150 पर बन रही पांच मंजिला निर्माणाधीन इमारत अचानक तेज आवाज के साथ भरभराकर गिर गई।


बताया जा रहा है कि यह इमारत दो 26-26 गज के प्लॉट को जोड़कर बनाई जा रही थी। ग्राउंड फ्लोर के ऊपर चार मंजिलों का निर्माण पूरा हो चुका था। लेंटर डाले जा चुके थे और बाहरी प्लास्टर तथा फिनिशिंग का कार्य चल रहा था। इमारत के चारों ओर बल्लियां लगी हुई थीं।
लगातार हो रही बारिश के कारण निर्माण स्थल की स्थिति पहले से ही कमजोर बताई जा रही है। प्रारंभिक आशंका है कि बारिश, निर्माण की गुणवत्ता या सुरक्षा मानकों में किसी तरह की चूक हादसे की वजह हो सकती है। हालांकि वास्तविक कारणों का पता जांच के बाद ही चल सकेगा।


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इमारत गिरते ही पूरा इलाका धूल के गुबार से भर गया। चीख-पुकार मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
इमारत का मलबा सड़क पर आ गिरा, जिसकी चपेट में वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार आ गया। सड़क किनारे खड़ी कई गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो गईं।


हादसे के समय निर्माण स्थल पर कई मजदूर काम कर रहे थे। हालांकि बारिश की वजह से अन्य दिनों की तुलना में मजदूरों की संख्या कम थी, फिर भी कई श्रमिक मलबे के नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और पुलिस व दमकल विभाग को सूचना दी।
कुछ ही मिनटों में दिल्ली पुलिस, दमकल विभाग की छह गाड़ियां, एंबुलेंस, एनडीआरएफ, डीडीएमए, एमसीडी तथा अन्य बचाव एजेंसियों की टीमें मौके पर पहुंच गईं।


बचाव दल ने जेसीबी मशीनों, गैस कटर और आधुनिक रेस्क्यू उपकरणों की मदद से मलबा हटाना शुरू किया। कई जगह भारी कंक्रीट को काटकर अंदर फंसे लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।
प्रारंभिक राहत अभियान में दो मजदूरों और एक बाइक सवार को मलबे से बाहर निकाला गया। तीनों को तुरंत अंबेडकर अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने बाइक सवार को मृत घोषित कर दिया, जबकि दोनों मजदूरों का इलाज जारी है।


प्रशासन का कहना है कि अभी भी चार से पांच लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका है। कई स्थानों से लोगों के फंसे होने की आवाजें भी सुनाई देने की सूचना है, जिसके बाद बचाव अभियान और तेज कर दिया गया है।
पूरे इलाके को पुलिस ने सील कर दिया है और आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है ताकि राहत एवं बचाव कार्य में किसी प्रकार की बाधा न आए।
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, जिला प्रशासन और विभिन्न एजेंसियों के अधिकारी मौके पर मौजूद हैं तथा पूरे अभियान की लगातार निगरानी कर रहे हैं।


प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जब तक यह पूरी तरह सुनिश्चित नहीं हो जाता कि मलबे में कोई व्यक्ति फंसा नहीं है, तब तक राहत एवं बचाव अभियान लगातार जारी रहेगा।
साथ ही इस पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में यह देखा जाएगा कि निर्माण कार्य स्वीकृत मानकों के अनुरूप था या नहीं, सुरक्षा नियमों का पालन किया गया था या नहीं, तथा बारिश के बावजूद निर्माण कार्य क्यों जारी था। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


फिलहाल दिल्ली के रोहिणी सेक्टर-16 में राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। हर गुजरते पल के साथ मलबे के नीचे दबे लोगों को सुरक्षित निकालने की कोशिशें तेज की जा रही हैं।
पूरे देश की निगाहें इस रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हैं और सभी यही दुआ कर रहे हैं कि मलबे में फंसे लोग जल्द से जल्द सुरक्षित बाहर निकाल लिए जाएं।
हादसे की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन हाई अलर्ट पर है और जांच एजेंसियां भी दुर्घटना के कारणों की तह तक पहुंचने में जुट गई हैं।


पत्रकार –
कृष्णा प्रताप त्रिपाठी
CMD DESK
तेज इण्डिया TV News 24

तेज इंडिया TV News 24
तेज इंडिया TV News 24
I am Reporter and reporting all over India.
RELATED ARTICLES
Jharkhand
overcast clouds
28.1 ° C
28.1 °
28.1 °
77 %
1.7kmh
89 %
Sat
28 °
Sun
34 °
Mon
32 °
Tue
31 °
Wed
29 °

Most Popular

error: Content is protected !!