
🚨 BIG BREAKING | तेज इण्डिया TV News 24 🚨
नोएडा से असम जा रहे कंटेनर से 12 करोड़ के स्मार्टफोन गायब, बिहार में मिला लावारिस ट्रक!
रिपोर्ट: कृष्णा प्रताप त्रिपाठी | CMD Desk


पूर्णिया/अररिया/नोएडा ।
देशभर को चौंका देने वाली एक बड़ी चोरी का खुलासा बिहार के अररिया जिले में हुआ है। ग्रेटर नोएडा से असम के गुवाहाटी के लिए रवाना हुआ करीब 12 करोड़ रुपये मूल्य के स्मार्टफोन से भरा कंटेनर रहस्यमय परिस्थितियों में बिहार के अररिया में लावारिस हालत में मिला। जांच में पता चला कि कंटेनर में लदे रियलमी, ओप्पो और वनप्लस कंपनियों के सैकड़ों महंगे मोबाइल फोन गायब हैं।


पुलिस के अनुसार कंटेनर में कुल 1143 मोबाइल पैकेट लोड किए गए थे, लेकिन बरामदगी के समय केवल 531 पैकेट ही मौजूद मिले। यानी 612 मोबाइल हैंडसेट रास्ते में ही गायब कर दिए गए।
जांच में सामने आया है कि कंटेनर 6 जून को ग्रेटर नोएडा से रवाना हुआ था। वाहन के चालक और खलासी, जो हरियाणा के पलवल जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, 7 जून से ही संपर्क से बाहर हैं। फास्टैग और सीसीटीवी फुटेज की जांच में यह भी खुलासा हुआ है कि कंटेनर का सील बिहार पहुंचने से पहले ही उत्तर प्रदेश की सीमा के भीतर तोड़ दिया गया था।

अररिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच दल (SIT) को शक है कि इस पूरे घटनाक्रम के पीछे एक अंतरराज्यीय संगठित गिरोह सक्रिय है। पुलिस की टीमें हरियाणा के पलवल और नूंह जिलों में छापेमारी कर रही हैं।
सबसे बड़ी बात यह है कि इसी कंपनी के कंटेनर से पिछले वर्ष भी करोड़ों रुपये के मोबाइल चोरी हुए थे, बावजूद इसके सुरक्षा के लिए डिजिटल लॉक जैसी आधुनिक व्यवस्था का इस्तेमाल नहीं किया गया।

फिलहाल पुलिस मोबाइल ट्रैकिंग, सीसीटीवी फुटेज और टोल प्लाजा के रिकॉर्ड के आधार पर पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी है। इस हाई-प्रोफाइल चोरी ने कई राज्यों की कानून-व्यवस्था और माल परिवहन सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

📺 तेज इण्डिया TV News 24 “सच के साथ, हर खबर आपके पास”







Views Today : 7
Total views : 16974